साइबर हमलों से आपका पैसा बचाने के लिए RBI ने बताया 5-सूत्री 'रक्षा कवच'
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अब इस बात पर नए सिरे से सोच रहा है कि लोगों के पैसे को सुरक्षित कैसे रखा जाए? यह ऐसे समय में हो रहा है, जब साइबर हमले और दुनियाभर के संघर्ष जैसी नई-नई चुनौतियां सामने आ रही हैं।
हाल ही में हुए एक आर्थिक सम्मेलन में गर्वनर संजय मल्होत्रा ने बताया कि अगला कोई बड़ा वित्तीय संकट शायद ऐसी जगह से आ जाए, जिसकी हम उम्मीद ही न कर रहे हों।
इसलिए उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि हम अलर्ट रहें और बदलते हालात के हिसाब से खुद को ढालें।
डाटा और सहयोग पर खास जोर
मल्होत्रा ने अपनी 5 सूत्री रणनीति साझा की। इसमें वित्तीय संस्थाओं को और ज्यादा मजबूत बनाना, जोखिमों को पहचानने के लिए डाटा को बेहतर करना और यह समझना शामिल है कि कोई दिक्कत पूरे वित्तीय सिस्टम में कैसे फैल सकती है?
वे चाहते हैं कि बैंक से लेकर पेमेंट ऐप्स तक सभी मिलकर काम करें और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी तकनीक का इस्तेमाल करके लोगों का भरोसा और बढ़ाएं।
उनका कहना है कि अगर, सब कुछ सही रहा तो वित्तीय स्थिरता इतनी मजबूत हो जानी चाहिए कि हमें उसके होने का अहसास भी न हो वह बस अपना काम करती रहे।