भारत में जहाज बनाने की तैयारी में सैमसंग, गुजरात के शिपयार्ड में साझेदारी बढ़ाने की तैयारी
क्या है खबर?
दक्षिण कोरिया की सैमसंग हेवी इंडस्ट्रीज (SHI) भारत में समुद्री जहाज के निर्माण का काम शुरू करने की योजना बना रही है। मिंट की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी भारत में निवेश की संभावनाएं तलाश रही है, क्योंकि उसके दक्षिण कोरिया स्थित शिपयार्ड अगले 3 साल तक पूरी तरह बुक हैं। कंपनी नए ऑर्डर पूरे करने और दुनियाभर के ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भारत को वैकल्पिक निर्माण केंद्र के रूप में देख रही है।
साझेदारी
गुजरात के पिपावाव शिपयार्ड में बढ़ सकती है साझेदारी
सैमसंग हेवी इंडस्ट्रीज गुजरात के पिपावाव स्थित स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज (SDHI) के शिपयार्ड में अपनी मौजूदा साझेदारी को आगे बढ़ा सकती है।
कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत में जहाज निर्माण इकाई में निवेश करने से उसे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के लिए जहाज बनाने की अतिरिक्त क्षमता मिलेगी।
इससे दक्षिण कोरिया के शिपयार्ड पर काम का दबाव कम होगा और नए ऑर्डर पूरे करने में आसानी होगी।
तैयारी
साझेदारी को निवेश समझौते में बदलने की तैयारी
सैमसंग हेवी इंडस्ट्रीज और स्वान डिफेंस के बीच मौजूदा रणनीतिक समझौते को निवेश साझेदारी में बदला जा सकता है।
इसके तहत दोनों कंपनियां बड़े जहाजों का निर्माण मिलकर कर सकती हैं। प्रस्तावित योजना में टैंकर गैस वाहक कंटेनर जहाज और दूसरे विशेष जहाज बनाने की सुविधा विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।
शुरुआती परियोजनाओं के सफल होने के बाद सैमसंग इक्विटी निवेश भी कर सकती है, जिससे साझेदारी को आगे विस्तार मिल सकता है।
नजर
दूसरे शिपयार्ड और परियोजनाओं पर भी नजर
स्वान डिफेंस फिलहाल नॉर्वे की कंपनी के 6 टैंकर और NEO फंड के 4 बल्क कैरियर बनाने के ऑर्डर पूरे कर रही है।
इसके अलावा, कंपनी 4 मध्यम आकार के उत्पाद टैंकर बनाने के ठेके के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बनी है।
सैमसंग भारत में नए शिपयार्ड और केरल में जहाजों के हिस्से बनाने की इकाई के लिए कोचीन शिपयार्ड के साथ साझेदारी तलाश रही है। इससे भारत में जहाज निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा मिल सकता है।