तमिलनाडु में हड़ताल पर गए सैमसंग प्लांट के कर्मचारी, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
चेन्नई के पास श्रीपेरंबदूर में सैमसंग के प्लांट के कुछ कर्मचारी फिर से हड़ताल पर चले गए हैं।
उनकी शिकायत है कि 3 कर्मचारियों को बिना किसी ठोस कारण के निलंबित कर दिया गया। उनका मानना है कि ये निलंबन हाल ही में बनी सैमसंग इंडिया वर्कर्स यूनियन (SIWU) से जुड़ने के कारण किए गए हैं।
वहीं, सैमसंग का कहना है कि ये कर्मचारी अनुशासन तोड़ रहे थे और प्लांट में दूसरों को प्रदर्शन के लिए उकसा रहे थे।
मामला
कंपनी का पक्ष और कर्मचारी की शिकायत
CNBC-TV18 की रिपोर्ट के अनुसार, सैमसंग ने अपने बयान में कहा कि वह कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त नियम अपनाता है। कंपनी का कहना है कि उसने किसी कर्मचारी को यूनियन छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया है।
हालांकि, कर्मचारी आरोप लगा रहे हैं कि प्रबंधन उन्हें यूनियन से दूर रखना चाहता है। एक कर्मचारी ने कहा कि प्रबंधन नहीं चाहता कि वे यूनियन के जरिए अपनी आवाज उठाएं।
विवाद
पहले भी हो चुका है विवाद
यह पहली बार नहीं है जब सैमसंग के इस प्लांट में हड़ताल हुई हो।
सितंबर, 2024 में 1,100 कर्मचारियों ने बेहतर वेतन और यूनियन बनाने के अधिकार के लिए 1 महीने तक विरोध किया था। तब सैमसंग ने कुछ मांगें मान ली थीं और एक कर्मचारी समिति बनाने का वादा किया था।
बाद में मद्रास हाई कोर्ट ने SIWU यूनियन को पंजीकृत करने का आदेश दिया था। अब, 3 कर्मचारियों के निलंबन से फिर तनाव बढ़ गया है।