हाल ही में सिंगापुर में हुए एक सम्मेलन में सैमसंग ने साफ कर दिया कि उसे उन 'AI बबल' की बातों से कोई चिंता नहीं है, जो अत्यधिक कर्जदार नियोक्लाउड कंपनियों के कारण पैदा हुआ है।
कंपनी के कंपोनेंट बिजनेस डिविजन में कॉर्पोरेट प्रबंधन, रणनीति और परिचालन के प्रमुख किम योंग-ग्वान ने बताया कि ये कंपनियां बाजार का केवल 8 फीसदी हिस्सा बनाती हैं।
ऐसे में इनके उतार-चढ़ाव से पूरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उद्योग पर खास असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद नहीं है कि ये चिंताएं AI के व्यापक विकास पथ के लिए कोई बड़ी चुनौती बनेंगी।"
अगले साल पेश करेगी शेयर बायोबैक पैकेज
कोरवीव जैसी नियोक्लाउड कंपनियां भारी कर्ज लेकर तेजी से विस्तार कर रही हैं। इससे कुछ निवेशक चिंतित हैं, खासकर तब, जब AI की मांग धीमी पड़ सकती है।
एनवीडिया में हाल ही में एक बड़े अधिकारी के कंपनी छोड़ने से छोटे खिलाड़ियों की चिंताएं और बढ़ गई हैं, लेकिन सैमसंग के कार्यकारी उपाध्यक्ष कांग सुक-चाए का कहना है कि AI निवेश की यह लहर पिछली बबल्स से अलग है। इसकी वजह यह है कि इसे असली मांग और लंबी अवधि के सौदों का सहारा मिल रहा है।
इसके अलावा, कंपनी का मानना है कि चिप की कमी अभी बनी रहेगी। वह जनवरी, 2027 में अपने शेयरधारकों के लिए एक वापसी पैकेज का ऐलान करेगी, जिसमें नकद लाभांश और शेयर बायबैक शामिल होंगे।