सैमसंग और SK हाईनिक्स चीनी कंपनियों से खरीद सकती है चिप निर्माण उपकरण
सैमसंग और SK हाईनिक्स चीन में अपने कारखानों के लिए वहां की कंपनी AMEC से चिप बनाने वाले उपकरण खरीदने के बारे में सोच रही हैं।
ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि अमेरिका ने अपनी टेक्नोलॉजी के निर्यात पर नियमों को काफी सख्त कर दिया है। सैमसंग का कहना है कि उसने AMEC के उपकरण अभी तक परखे नहीं हैं, लेकिन दोनों कंपनियां चीनी सप्लायर्स की ओर देख रही हैं।
उनका मकसद है कि अगर, अमेरिका के प्रतिबंध और कड़े होते हैं तो भी उनकी प्रोडक्शन लाइनें सही से काम करती रहें।
चीनी सप्लायर्स के सामने हैं ये चुनौतियां
अगर, सैमसंग या SK हाईनिक्स AMEC के उपकरणों का इस्तेमाल शुरू करते हैं तो इससे उसकी प्रतिष्ठा को काफी बढ़ावा मिल सकता है।
इसकी बड़ी वजह यह है कि चीनी उपकरण स्थापित विदेशी सप्लायर्स की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत तक सस्ते होते हैं और चिप बनाने की टेक्नोलॉजी में भी उन्होंने अच्छी तरक्की की है, लेकिन चीनी सप्लायर्स के सामने कई बड़ी रुकावटें भी हैं।
इनमें लंबी प्रमाणन प्रक्रियाएं, छोटा सर्विस नेटवर्क, इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी से जुड़ी चिंताएं और वाशिंगटन की तरफ से संभावित राजनीतिक दबाव शामिल हैं।
ये सब ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिका और चीन के बीच चल रही चिप की जंग पूरी दुनिया की टेक्नोलॉजी सप्लाई चेन में लगातार उथल-पुथल मचा रही है।