सैम लियांग चीन से अमेरिका आए थे। शुरुआत में उन्हें अंग्रेजी बोलने में बहुत दिक्कत होती थी, लेकिन उन्होंने इस मुश्किल को एक बड़े अवसर में बदल दिया।
उन्होंने 2016 में यून फू के साथ मिलकर ऑटर डॉट AI (Otter.ai) नाम की कंपनी शुरू की। अब उनका बनाया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मीटिंग ट्रांसक्रिप्शन टूल रिमोट काम के लिए बेहद जरूरी बन गया है।
इससे कंपनी सालाना 930 करोड़ रुपये का कारोबार कर रही है। बताया जाता है कि महामारी के दौरान 2019 से 2020 के बीच Otter.ai का राजस्व 800 फीसदी तक बढ़ गया था।
लेक्चर रिकॉर्डिंग से मिली प्रेरणा
लियांग को यह आइडिया तब आया, जब वे खुद अंग्रेजी सीखने के लिए लेक्चर रिकॉर्ड करते थे। इस छोटे से समाधान ने ही उनके स्टार्टअप की नींव रखी।
Otter.ai शुरू करने से पहले सैम लियांग सिस्को और गूगल जैसी बड़ी कंपनियों में काम कर चुके थे। उन्होंने अपनी पिछली कंपनी को तो अलीबाबा को बेच भी दिया था।
आज दुनियाभर में 4 करोड़ से ज्यादा लोग Otter.ai का इस्तेमाल करते हैं। इतनी बड़ी कामयाबी के बाद भी लियांग बेहद साधारण जिंदगी जीते हैं। वे अर्नोल्ड श्वार्जनेगर की रेसिपी से बनी स्मूदी पीना पसंद करते हैं और खाली समय में मैराथन दौड़ते हैं।