सैम ऑल्टमैन ने घर पर हुए हमले पर दी प्रतिक्रिया, परिवार की फाेटो की शेयर
क्या है खबर?
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन के सैन फ्रांसिस्को स्थित घर पर मोलोटोव कॉकटेल (एक तरह का पेट्रोल बंम) से हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी प्रमुख ने अपने निजी ब्लॉग पर अपने परिवार की फोटो शेयर करने के साथ घटना के बारे में लिखा है। इस तस्वीर में उनके पति ओलिवर मुलहेरिन और बच्चे को दिखाया गया है।
चेतावनी
ऑल्टमैन ने दी चेतावनी
ब्लॉग पोस्ट में तस्वीर के साथ ऑल्टमैन ने लिखा, "ये मेरे परिवार की तस्वीर है। मैं इनसे सबसे ज्यादा प्यार करता हूं।" उन्होंने लिखा आगे लिखा, "मुझे उम्मीद है कि तस्वीरों में ताकत होती है। आमतौर पर हम अपनी प्राइवेसी का खास ख्याल रखते हैं, लेकिन इस मामले में मैं यह तस्वीर इसलिए शेयर कर रहा हूं, ताकि अगली बार कोई हमारे घर पर मोलोटोव कॉकटेल फेंकने की हिम्मत न करे, चाहे वो मेरे बारे में कुछ भी सोचता हो।"
कारण
हमले के पीछे बताया यह कारण
ऑल्टमैन ने बताया कि आरोपी ने रात 3:45 बजे मोलोटोव कॉकटेल से हमला किया, लेकिन वह घर से टकराकर वापस उछल गया और किसी को चोट नहीं आई। उन्होंने संभावना जताई कि कथित हमला AI उद्योग में उनकी भूमिका और प्रौद्योगिकी के आस-पास के व्यापक तनावों से जुड़ा हो सकता है। सैन फ्रांसिस्को क्रॉनिकल के अनुसार, संदिग्ध की पहचान 20 वर्षीय अलेजांद्रो डेनियल मोरेनो-गामा के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने लगभग एक घंटे बाद हिरासत में ले लिया।