नए फंडिंग राउंड के बाद एंथ्रोपिक से निकल सकता है OpenAI का मूल्यांकन
ChatGPT निर्माता OpenAI को जल्द ही एक नया फंडिंग राउंड मिल सकता है, जिससे इसका मूल्यांकन बढ़कर 1,200 अरब डॉलर (करीब 1.1 लाख अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।
इस फंडिंग के बाद यह कंपनी कुछ समय के लिए अपनी प्रतिद्वंद्वी एंथ्रोपिक से आगे निकल जाएगी। इतनी चर्चा के बावजूद कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने साफ किया है कि OpenAI की इस साल में आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लाने की कोई योजना नहीं है। इसके बजाय, वह अपनी टेक्नोलॉजी को और ज्यादा सुरक्षित बनाने पर ध्यान दे रही है।
एंथ्रोपिक के मूल्यांकन में भी उछाल
हाल ही में OpenAI और एंथ्रोपिक दोनों ही कंपनियों के मूल्यांकन में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। OpenAI का मूल्यांकन 2025 की शुरुआत में 300 अरब डॉलर (करीब 28,000 अरब रुपये) से बढ़कर अक्टूबर तक 500 अरब डॉलर (करीब 47,000 अरब रुपये) हो गया था।
दूसरी ओर, एंथ्रोपिक का मूल्यांकन पिछले साल 61.5 अरब डॉलर (करीब 5,800 अरब रुपये) से उछलकर इस मई में 965 अरब डॉलर (करीब 91,000 अरब रुपये) पर पहुंच गया।
अगर, OpenAI को यह अगला फंडिंग राउंड मिल जाता है और कंपनी का मूल्यांकन 1,200 अरब डॉलर तक पहुंच जाता है तो यह कुछ समय के लिए फिर से सबसे आगे निकल सकती है।
हालांकि, जब एंथ्रोपिक अपना IPO लाएगी तो हालात फिर बदल सकते हैं। AI के भविष्य को लेकर दोनों कंपनियों के बीच कड़ी टक्कर चल रही है, जो काफी रोमांचक है।