SAAB ने भारत में विस्तार के लिए स्थानीय कंपनियों के साथ कर रही साझेदारी
स्वीडन की रक्षा कंपनी SAAB भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। इसके लिए वह भारतीय आपूर्तिकर्ताओं के साथ साझेदारी कर रही है। NDTV डिफेन्स समिट 2026 में SAAB के भारत में मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) तपन ऋषि भटनागर ने कहा कि भारत एडवांस्ड डिफेंस टेक्नोलॉजी बनाने के लिए एक बेहतरीन जगह है।
उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य 'भारत के लिए, भारत में और दुनिया के लिए बनाना' है। इसका मतलब है कि कई भारतीय वेंडर SAAB की ग्लोबल सप्लाई चेन और नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे। वे पुर्जों और सिस्टम में सुधार के लिए अपने सुझाव भी दे पाएंगे।
हरियाणा के झज्जर में खुलेगा प्लांट
SAAB अपनी पहली कार्ल गुस्ताफ M4 फैक्टरी स्वीडन से बाहर हरियाणा के झज्जर में खोल रही है। यह हथियार दशकों से भारतीय सेना के लिए बहुत अहम रहा है।
भटनागर ने भारतीय साझेदार कंपनियों को केवल पुर्जे बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि उनमें सुधार के सुझाव भी देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कंपनियों के फीडबैक से इन सिस्टम को और भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कंपनी का कहना है कि वह भारत को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का एक बड़ा हब बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है, जो स्थानीय जरूरतों के साथ-साथ निर्यात की मांग भी पूरी करेगी।