रनवाल एंटरप्राइजेज के शेयरों की NSE पर सपाट शुरुआत, BSE पर मिली मामूली बढ़त
मुंबई में अपनी दमदार पहचान रखने वाली रियल एस्टेट कंपनी रनवाल एंटरप्राइजेज के शेयर सोमवार (5 अक्टूबर) को शेयर बाजार में लिस्ट हो गए हैं।
ये शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 305 रुपये पर और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 306 रुपये पर सूचीबद्ध हुए। कंपनी ने अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) की प्राइस 305 रुपये प्रति शेयर तय की थी। ग्रे मार्केट में ज्यादा हलचल ना होने के बावजूद इसको अच्छी मांग मिली और कंपनी ने इससे 500 करोड़ रुपये जुटाए।
IPO 2.64 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ
इस IPO को कुल 2.64 गुना ओवरसब्सक्रिप्शन मिला। इसकी मुख्य वजह योग्य संस्थागत खरीदारों (QIBs) और गैर-संस्थागत निवेशकों (NIIs) की तरफ से आई दमदार मांग थी। खुदरा निवेशकों ने भी इसमें रुचि दिखाई, लेकिन उनका निवेश उतना ज्यादा नहीं रहा।
रनवाल कंपनी जुटाए गए फंड का कुछ हिस्सा कर्ज चुकाने के लिए इस्तेमाल करेगी। इनमें से 100 करोड़ रुपये कंपनी अपने लोन के लिए और 225 करोड़ रुपये अपनी सहायक कंपनियों के कर्ज के लिए उपयोग करेगी।
इसके साथ ही वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की आय 76 फीसदी बढ़कर 1,851 करोड़ रुपये हो गई है, जो उनकी मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है।