भारतीय बाजार में इस सप्ताह आएंगे 6,600 करोड़ रुपये के IPO, जानिए कब देंगे दस्तक
क्या है खबर?
मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद प्राथमिक बाजार में गतिविधि काफी हद तक अप्रभावित रही है। 9 मार्च से शुरू हुए नए सप्ताह में 4 नए आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहे हैं, जबकि 4 अन्य कंपनियां भी शेयर बाजारों में अपनी शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। इन IPO में से 3 मेनबोर्ड सेगमेंट से और 1 SME सेगमेंट से हैं।
राजपूतना स्टेनलेस
राजपूतना स्टेनलेस का IPO लॉन्च
स्टेनलेस स्टील उत्पाद निर्माता कंपनी राजपूतना स्टेनलेस इस सप्ताह खुलने वाला पहला मेनबोर्ड IPO है। 255 करोड़ रुपये के इस निर्गम के लिए सब्सक्रिप्शन 9 मार्च को खुला है और 11 मार्च को बंद होगा। कंपनी ने प्रति शेयर 116-122 रुपये का मूल्य निर्धारित किया है। इस निर्गम में 178.7 करोड़ रुपये मूल्य के 1.46 करोड़ शेयरों का नया निर्गम और 76.25 करोड़ रुपये मूल्य के 62.5 लाख शेयरों का बिक्री प्रस्ताव (OFS) शामिल है।
राजमार्ग इंफ्रा
11 मार्च को आएगा 6,000 करोड़ रुपये का IPO
मैनपावर सर्विसेज और टोल प्लाजा प्रबंधन समाधानों की प्रदाता कंपनी इनोविजन 10 मार्च को 323 करोड़ रुपये का IPO लॉन्च करेगी। यह 12 मार्च तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। कंपनी ने प्रति शेयर 521-548 रुपये का मूल्य निर्धारित किया है। राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट सबसे बड़ा IPO लॉन्च करने जा रहा है, जिसका मूल्य 6,000 करोड़ रुपये है। इसका सब्सक्रिप्शन 11 मार्च से शुरू होकर 13 मार्च को बंद होगा। शेयर की कीमत 99-100 रुपये/यूनिट निर्धारित किया है।