हेल्थ टेक स्टार्टअप रियो डॉट AI ने जुटाए 43 करोड़ रुपये
हेल्थ टेक स्टार्टअप रियो डॉट AI (Rio.ai) ने प्री-सीरीज A फंडिंग राउंड में 43.08 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व वर्जन वन वेंचर्स ने किया, जिसमें जीड वेंचर्स, गुड कैपिटल और एम्प्लीफाइ पार्टनर जैसे निवेशक भी शामिल हुए। स्टार्टअप का मुख्य लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित क्विक-कॉमर्स का इस्तेमाल करते हुए दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी चीजें लोगों तक बहुत आसानी और तेजी से पहुंचाना है। इस स्टार्टअप की स्थापना अंकुर अग्रवाल और अमित आहूजा ने की है।
170 करोड़ रुपये हुआ कंपनी का मूल्यांकन
इस नई फंडिंग के दम पर स्टार्टअप की योजना है कि वह अपने कामकाज को तेजी से बढ़ाए और ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच बनाए।
इस फंडिंग राउंड के बाद कंपनी का मूल्यांकन लगभग 170 करोड़ रुपये आंका गया है। फिलहाल, कंपनी में जीड वेंचर्स की सबसे बड़ी हिस्सेदारी 21.11 फीसदी है। इसके बाद गुड कैपिटल की 17.07 फीसदी और वर्जन वन वेंचर्स की 12.86 फीसदी हिस्सेदारी आती है। संस्थापक अग्रवाल और आहूजा दोनों के पास अपनी 17.5 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार है।