रिन्यूबाय और इंश्योरेंसदेखो का हुआ विलय, अब IPO लाने की तैयारी
भारत के इंश्योरेंस टेक सेक्टर की 2 बड़ी कंपनियां रिन्यूबाय और इंश्योरेंसदेखो का विलय हो गया है। दोनों कंपनियों ने मिलकर इंश्योरेंसदेखो नाम से एक ही प्लेटफॉर्म बनाया है।
इस विलय से दोनों की क्षेत्रीय ताकतें एक साथ आ गई हैं। इंश्योरेंसदेखो की पकड़ उत्तर और पश्चिम भारत में मजबूत है, वहीं रिन्यूबाय का दक्षिण भारत के बाजारों में बड़ा नेटवर्क है। इस नई टीम का नेतृत्व इंश्योरेंसदेखो के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अंकित अग्रवाल करेंगे।
6 लाख से ज्यादा डिजिटल पार्टनर जुड़े
यह नया प्लेटफॉर्म अब लगभग पूरे भारत के 98.57 फीसदी पिन कोड्स तक पहुंच गया है। इसके साथ 6 लाख से ज्यादा डिजिटल पार्टनर्स जुड़े हैं। इस प्लेटफॉर्म के जरिए 2 करोड़ से ज्यादा पॉलिसी बेची जा चुकी हैं और वित्त वर्ष 2026 में 6,600 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रीमियम इकट्ठा किया गया है।
अब ग्राहकों को मोटर, हेल्थ, लाइफ और कमर्शियल इंश्योरेंस के लिए इंटीग्रेटेड टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का लाभ मिलेगा, जिससे ऑनबोर्डिंग और कस्टमर सपोर्ट पहले से ज्यादा आसान और बेहतर हो जाएंगे।
IPO से जुटाएगी 3,000 करोड़ रुपये
इंश्योरेंसदेखो सितंबर तक अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) के दस्तावेज दाखिल करने की तैयारी में है। कंपनी का लक्ष्य 2,500 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपये जुटाना है और मार्च, 2027 तक 9,500 करोड़ रुपये के लक्ष्यित मूल्यांकन के साथ अपना IPO लॉन्च करना है।
कंपनी बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) के साथ मिलकर छोटे शहरों में भी इंश्योरेंस को ज्यादा सुलभ बनाने पर काम कर रही है, ताकि बीमा लेना जल्द ही पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाए।