रेडिफ मेल और रेडिफ न्यूज जैसी डिजिटल सेवाएं चलाने वाली रेडिफ डॉट कॉम इंडिया एक नए आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के जरिए 600 करोड़ रुपये तक जुटाने की तैयारी में है।
कंपनी ने हाल ही में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अपने अपडेटेड दस्तावेज जमा किए हैं।
इस बार कंपनी के मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी नहीं बेच रहे हैं, यानि यह सारा फंड नए निवेशकों से सीधे कंपनी के पास आएगा।
कहां खर्च करेगी पैसे का इस्तेमाल?
रेडिफ इस पैसे का इस्तेमाल अपनी सेवाओं को बढ़ाने, मार्केटिंग तेज करने और कुछ कंपनियों को खरीदने के लिए करना चाहती है। कंपनी ने रेडिफ वन, रेडिफ पे और रेडिफ टीवी जैसी अपनी सेवाओं को विकसित और विस्तार करने के लिए 224.8 करोड़ रुपये का पूंजीगत खर्च तय किया है।
इसके अलावा, कंपनी 183.3 करोड़ रुपये मार्केटिंग और ब्रांडिंग के कामों पर खर्च करेगी। प्रमोटर विशाल अजितभाई मेहता और एवेन्यूजAI की मिलाकर कुल 82.52 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि आम निवेशकों के पास 15.48 फीसदी हिस्सेदारी है।