AI और मशीन लर्निंग की बढ़ती मांग के कारण भर्तियों में 5 फीसदी का इजाफा
टेक सेक्टर में नौकरी तलाशने वालों के लिए जुलाई काफी खास रहा। देश की कंपनियों में भर्ती सालाना आधार पर 5 फीसदी बढ़ी है।
नौकरी डॉट कॉम का जॉबस्पीक इंडेक्स 3,227 पर पहुंच गया है, जिससे बाजार में तेजी का संकेत मिलता है। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग से जुड़ी नौकरियों ने सबसे ज्यादा चमक बिखेरी।
इनमें 33 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे ये फिलहाल सबसे ज्यादा मांग वाली नौकरियों में शुमार हो गई हैं।
IT और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में भर्ती 6 फीसदी बढ़ी
IT और सॉफ्टवेयर कंपनियों में भर्ती 6 फीसदी बढ़ी है। इसकी बड़ी वजह AI प्रतिभाओं की भारी मांग है, जिसमें 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
इसके अलावा, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी पेशेवरों की मांग भी 23 फीसदी बढ़ गई है। शहरों की बात करें तो कोलकाता सबसे आगे रहा, जहां भर्ती में 17 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
हैदराबाद और चेन्नई ने भी इस मामले में बेहतर प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि नए उम्मीदवारों के लिए भी मौकों में इजाफा हुआ है।
शुरुआती स्तर की नौकरियों में भर्ती 6 फीसदी बढ़ी है। इसके अलावा बीमा, रियल एस्टेट, तेजी से बढ़ते उपभोक्ता सामान (FMCG) और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में भी भर्ती लगातार बढ़ रही है।