RBI ने जमा ब्याज दरों में पारदर्शिता लाने के लिए उठाया यह कदम
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) 1 अक्टूबर से जमा ब्याज दरों के लिए नए नियम लागू करेगा। ये नियम सभी तरह के बैंकों पर लागू होंगे, चाहे वे कमर्शियल बैंक हों या पेमेंट बैंक।
इसका मुख्य मकसद ब्याज दरों को ज्यादा साफ और पारदर्शी बनाना है, ताकि ग्राहकों को साफ-साफ पता हो कि उन्हें कितना ब्याज मिलेगा।
एक जैसी रकम पर मिलेगी एक ही ब्याज दर
अब बैंकों को एक ही दिन में जमा की गई एक जैसी रकम पर एक ही ब्याज दर देनी होगी, भले ही ग्राहक बैंक की किसी भी शाखा में जाएं।
बैंकों को ये ब्याज दरें पहले से ही अपनी वेबसाइट पर बतानी होंगी, ताकि ग्राहक आसानी से उनकी तुलना कर सकें। फिलहाल, आम लोगों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की दरों में तुरंत कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन साफ जानकारी से ग्राहकों का भ्रम कम होगा और बैंकों पर भरोसा बढ़ेगा।
हर दिन अपडेट करनी होंगी ब्याज दरें
बड़े जमा पर बैंक अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग ब्याज दरें तय कर सकते हैं। हालांकि, उन्हें हर कामकाजी दिन सुबह 10 बजे तक अपनी वेबसाइट पर ये दरें अपडेट करनी होंगी।
इससे निवेशकों को साफ-साफ जानकारी मिलेगी, वहीं बैंकों को अपनी जरूरत के हिसाब से फैसले लेने की आजादी भी रहेगी।