Page Loader
जल्द ही 20 रुपये का नया नोट जारी करेगा RBI, पुराने नोट भी रहेंगे चलन में

जल्द ही 20 रुपये का नया नोट जारी करेगा RBI, पुराने नोट भी रहेंगे चलन में

Dec 25, 2018
03:51 pm

क्या है खबर?

नए साल में आपके हाथ में Rs. 20 का नया नोट आ सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अगले साल Rs. 20 का नया नोट जारी करेगा। RBI के एक डॉक्युमेंट में यह जानकारी दी गई है, इस नोट में कई नए फीचर होंगे। नए नोट के साथ Rs. 20 के पुराने नोट भी चलन में रहेंगे, इन्हें बंद नहीं किया जाएगा। नए गवर्नर शक्तिकांत दास के पदभार संभालने के बाद यह पहला बड़ा फैसला माना जा रहा है।

नए नोट

नोटबंदी के बाद आए कई नए नोट

नवंबर 2016 में नोटबंदी के बाद से लेकर अब तक कई नए नोट चलन में आ चुके हैं। इनमें Rs. 2,000, 500, 200, 100, 50 और Rs. 10 के नोट शामिल हैं। नए नोट महात्मा गांधी (न्यू) सीरीज के तहत जारी किए गए हैं। इनके डिजाइन और फीचर पुराने नोटों से अलग हैं। बता दें, नोटबंदी के दौरान Rs. 1,000 और 500 के नोटों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। उसके बाद नए नोट जारी किए हैं।

नोट

Rs. 20 के नोटों की बढ़ी संख्या

नए नोट जारी करने की सूचना के साथ-साथ RBI ने Rs. 20 के नोट से जुड़े आंकड़ें भी जारी किए हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2016 तक Rs. 20 के नोटों की संख्या 4.92 अरब थी, जो मार्च 2018 तक बढ़कर 10 अरब हो गई। यह संख्या वर्तमान में चलन में मौजूद कुल नोटों की संख्या का 9.8 फीसदी है। हालांकि, नया नोट कैसा दिखेगा और इसे कब जारी किया जाएगा, इस बारे में जानकारी नहीं मिली है।

फैसला

नए गवर्नर का बड़ा फैसला

हाल ही शक्तिकांत दास को RBI का नया गवर्नर नियुक्त किया गया है। मुद्रा को लेकर उनके कार्यकाल का यह पहला बड़ा फैसला हो सकता है। उनसे पहले गवर्नर रहे उर्जित पटेल के कार्यकाल में सारे नए नोट जारी किए गए थे। पटेल ने 12 दिसंबर को निजी कारणों का हवाला देकर अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। बता दें, शक्तिकांत दास नोटबंदी के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।