10 साल की बॉन्ड यील्ड ने 3 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, 7.35 फीसदी पर पहुंची
भारत के 10 साल के बॉन्ड यील्ड ने सोमवार (12 अक्टूबर) को 7.35 फीसदी का आंकड़ा पार कर लिया। यह पिछले 3 सालों में सबसे ऊंचा स्तर है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सिस्टम से नकदी कम करने का फैसला किया, जिसके बाद यह बदलाव आया है। उसने मंगलवार के लिए 25,000 करोड़ रुपये के बॉन्ड बेचने का ऐलान किया है।
साथ ही 16 अक्टूबर से बैंकों को अपनी रोजाना की कैश रिजर्व रेश्यो (CRR) का 90 के बजाय 99 फीसदी बनाए रखना होगा।
तेल कंपनियों को मिली छूट
करीब 4 सालों में पहली बार अपनी प्रमुख ब्याज दर बढ़ाने के बाद RBI महंगाई को काबू में रखने और बाजारों को स्थिर करने की कोशिश कर रहा है।
रुपये को मजबूती देने के लिए तेल कंपनियों को सीधे केंद्रीय बैंक से डॉलर खरीदने की छूट भी दे रहा है, लेकिन कच्चे तेल के दाम ऊंचे बने हुए हैं और खुदरा महंगाई बढ़ने का भी अनुमान है। ऐसे में भारतीय अर्थव्यवस्था अभी दबाव में दिख रही है।