Page Loader
RBI ने फिर नहीं किया रेपो रेट में कोई बदलाव, 6.5 प्रतिशत बनी रहेगी
RBI ने सातवीं बार नहीं बढ़ाई रेपो रेट

RBI ने फिर नहीं किया रेपो रेट में कोई बदलाव, 6.5 प्रतिशत बनी रहेगी

लेखन गजेंद्र
Apr 05, 2024
10:22 am

क्या है खबर?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मौद्रिक नीति समीति (MPC) की बैठक में लगातार सातवीं बार रेपो रेट में कोई बदलाव न करने का फैसला लिया। RBI गर्वनर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता वाली 6 सदस्यीय समिति ने दर 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखी है। इस बार दर कुछ कम होने की उम्मीद जताई जा रही थी। हर दूसरे महीने होने वाली 3 दिवसीय बैठक 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक चली। RBI ने अप्रैल, 2023 से दर नहीं बदली है।

रेपो रेट

अंतिम बार पिछले साल फरवरी में बढ़ा था रेपो रेट

RBI ने पिछले साल फरवरी में अंतिम बार रेपो रेट में बदलाव किया था और 25 बेसिस पॉइंट्स बढ़ाकर इसे 6.50 कर दिया था। बैंक ने महंगाई पर नियंत्रण के लिए मई, 2022 से फरवरी, 2023 तक रेपो रेट में कुल 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। मई, 2022 से पहले रेपो रेट 4 प्रतिशत थी, जो फरवरी, 2023 में 6.5 प्रतिशत पर पहुंच गई। रेपो रेट न बढ़ने से फिलहाल ब्याज स्थिर रहेगी, न वो बढ़ेगी और न घटेगी।

अनुमान

भारत की अर्थव्यवस्था का क्या रहेगा हाल?

आज तक के मुताबिक, शक्तिकांत दास ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2024-25 में 7 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि पहली तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि दर 7.1 प्रतिशत, दूसरी तिमाही में 6.9 प्रतिशत और तीसरी और चौथी तिमाही में यह 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। बता दें कि पिछले साल अप्रैल-जून तिमाही में भारत की GDP वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही थी।