RBI गवर्नर ने दुनिया की वित्तीय व्यवस्था के लिए बताए 5 बड़े खतरे
भरतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने दुनिया की वित्तीय व्यवस्था के सामने मौजूद 5 बड़े खतरों की ओर इशारा किया है। इनमें बढ़ता वैश्विक कर्ज, महंगी संपत्तियां, जरूरत से ज्यादा उधार, कमजोर निजी ऋण बाजार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े साइबर जोखिम शामिल हैं।
उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित कौटिल्य इकोनॉमिक कॉनक्लेव में अपनी ये चिंताएं व्यक्त कीं।
भारत की स्थिति पर भरोसा
मल्होत्रा ने कहा कि फिलहाल हर जोखिम नियंत्रण में है, लेकिन अगर, ये सभी एक साथ आ गए, खासकर मौजूदा भौगोलिक राजनीतिक तनाव के बीच तो ये पूरी दुनिया में बड़ी हलचल मचा सकते हैं।
हालांकि, अच्छी बात यह रही कि उन्होंने भारत की स्थिति पर भरोसा जताया। उन्होंने कम महंगाई और स्थिर आर्थिक वृद्धि का हवाला दिया।
गवर्नर ने कहा, "सशक्त मैक्रोइकोनॉमिक बुनियादी ढांचा और लचीली वैश्विक वित्तीय व्यवस्था हमें इन लगातार बने रहने वाले झटकों को सहने की क्षमता पर भरोसा देती है। साथ ही, हम ऐसे झटकों से निपटने की अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए और कदम उठा रहे हैं।"
उन्होंने यह भी बताया कि हमारी अर्थव्यवस्था मजबूती से इस दौर का सामना कर रही है, जहां प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज वृद्धि के साथ महंगाई भी कम है।