रेज ऑफ बिलीफ लिमिटेड के शेयरों की कीमत तय, 1 सितंबर से खुलेगा
मॉम्स बिलीफ की मूल कंपनी रेज ऑफ बिलीफ लिमिटेड अपनी आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लेकर आ रही है। कंपनी ने अपने प्रति शेयर की कीमत 227 से 239 रुपये तय की है।
निवेशक 1 से 3 सितंबर तक इस IPO के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसमें 52.3 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे। खास बात यह है कि इसमें कंपनी के पुराने शेयर नहीं बेचे जा रहे हैं।
जुटाए पैसे का कहां होगा उपयोग?
इस IPO से जुटाई जाने वाली 41.36 करोड़ रुपये की रकम से रेज ऑफ बिलीफ 2029 तक देशभर में 319 नए सेंटर खोलने की योजना बना रही है।
IPO के कुल शेयरों में से 75 फीसदी तक बड़े संस्थागत निवेशकों (QIBs) के लिए आरक्षित रखे गए हैं, वहीं कम से कम 10 फीसदी खुदरा निवेशकों और 15 फीसदी गैर-संस्थागत निवेशकों (NIIs) के लिए निर्धारित किए गए हैं।
एंकर निवेशकों के लिए शेयर आवंटन 31 अगस्त को होगा, जबकि शेयरों का अंतिम आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा। इसके बाद, 7 सितंबर तक आवंटित शेयर निवेशकों के डीमैट खातों में जमा हो जाएंगे और रिफंड भी जारी कर दिए जाएंगे।
आखिरकार, 8 सितंबर से ये शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे, जिसके बाद इनका कारोबार शुरू हो जाएगा। निवेशकों को कम से कम एक लॉट खरीदना होगा, जिसमें 62 शेयर शामिल होंगे।