रेज ऑफ बिलीफ ला रही 125 करोड़ रुपये का IPO, जानिए कितनी है शेयर की कीमत
मोम्स बिलीफ ब्रांड के तहत न्यूरोडेवलपमेंटल डिसऑर्डर (NDD) के क्षेत्र में काम करने वाली रेज ऑफ बिलीफ लिमिटेड 1 से 3 सितंबर तक अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) ला रही है।
इसके शेयर का दाम 227 से 239 रुपये के बीच तय किया गया है और कंपनी का लक्ष्य इससे 125 करोड़ रुपये जुटाना है। अगर, आप ऐसी कंपनियों में पैसा लगाने का सोच रहे हैं, जो मेंटल हेल्थ के क्षेत्र में अहम काम कर रही हैं तो इस निर्गम पर ध्यान दिया जा सकता है।
तेजी से बढ़ रहा NDD बाजार
इस IPO में 52.3 लाख नए शेयर जारी होंगे। प्री-IPO फंडिंग के बाद यह संख्या पहले के अनुमान से थोड़ी कम है। जुटाए गए पैसों से कंपनी वित्तीय वर्ष 2029 तक 319 नए सेंटर खोलने की तैयारी में है।
भारत में NDD का बाजार बहुत तेजी से बढ़ रहा है, जिसका मौजूदा मूल्य 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। अनुमान के मुताबिक, अकेले ऑटिज्म थेरेपी का बाजार 2034 तक 1,893 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों ने चेताया है कि इतनी तेजी से विस्तार करने पर मुनाफा बनाए रखने और बड़े पैमाने पर काम करने में चुनौतियां आ सकती हैं।