रैपिडो की ओनली हैदराबाद में छोटे ऑर्डर से भी कमा रही मुनाफा
रैपिडो ने अपनी फूड डिलीवरी ऐप ओनली को हैदराबाद में लॉन्च किया है। यहां ग्राहक औसतन लगभग 250 रुपये के ऑर्डर देते हैं, जो स्विगी और जोमैटो के 400-420 रुपये की औसत ऑर्डर वैल्यू (AOV) से काफी कम है।
कंपनी के सह संस्थापक अरविंद सांका का कहना है कि वे रैपिडो की मौजूदा टेक्नोलॉजी और लॉजिस्टिक्स का इस्तेमाल करके लागत कम रख रहे हैं। इस तरह वे छोटे ऑर्डर पर भी मुनाफा कमा पा रहे हैं।
हैदराबाद में 3 गुना बढ़ाएगी अपने साझेदार
बेंगलुरु में रोजाना 50,000 से ज्यादा ऑर्डर के साथ मजबूत शुरुआत करने के बाद ओनली अब हैदराबाद में अपने रेस्टोरेंट पार्टनर्स की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 30,000 करने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में दिल्ली NCR और मुंबई जैसे शहरों में भी सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।
फिलहाल रेस्टोरेंज साझेदारों से कोई कमीशन नहीं लिया जा रहा है, लेकिन जैसे-जैसे ऑर्डर बढ़ेंगे, डिलीवरी शुल्क जोड़ने की योजना है। सांका ने यह भी बताया कि बहुत से ग्राहक ऐसे हैं, जो पहली बार ऑनलाइन खाना ऑर्डर कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि इस बाजार में अभी और तेजी से बढ़ोतरी की गुंजाइश है।