क्वाइस एनर्जी धरती में छिपी गर्म चट्टों से बनाएगी बिजली
ऊर्जा स्टार्टअप कंपनी क्वाइस एनर्जी ने ओरेगन में अपने ऑब्सीडियन प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए हाल ही में 18 करोड़ डॉलर (करीब 1,700 करोड़ रुपये) की बड़ी रकम जुटाई है।
इस प्रोजेक्ट का मुख्य लक्ष्य दुनिया का पहला सुपरहॉट जियोथर्मल पावर प्लांट स्थापित करना है। कंपनी की योजना है कि वह माइक्रोवेव टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए 5 किलोमीटर से भी ज्यादा गहराई तक उन चट्टानों में ड्रिल करेगी, जिनका तापमान 500 डिग्री तक गर्म रहता है।
इस तरह, एक बिल्कुल नया और स्वच्छ ऊर्जा स्रोत मिलेगा। नैबर्स इंडस्ट्रीज ने इस प्रोजेक्ट में 3.5 करोड़ डॉलर (करीब 330 करोड़ रुपये) का निवेश किया है और वे अपनी ड्रिलिंग विशेषज्ञता से इसमें योगदान देंगे।
ड्रिलिंग में होगा हाइब्रिड तकनीक का उपयोग
पुराने जमाने के ड्रिल बिट्स की जगह क्वाइस एक हाइब्रिड तरीका अपना रही है। यह पारंपरिक ड्रिलिंग और जाइरोट्रॉन टेक्नोलॉजी का मिला-जुला रूप है।
जाइरोट्रॉन टेक्नोलॉजी में माइक्रोवेव का इस्तेमाल करके चट्टानों को भाप बनाया जाता है। इस अनोखे तरीके से कंपनी उन गहरी और बेहद गर्म जगहों तक पहुंच पाएगी, जहां साधारण ड्रिल काम नहीं करते।
टेक्सास में उनके परीक्षणों में 100 मीटर से ज्यादा की गहराई तक ड्रिलिंग हो चुकी है। न्यूबेरी ज्वालामुखी के पास ओरेगन की जमीन भी इस काम के लिए काफी अच्छी मानी जा रही है।
उनका लक्ष्य है कि 2030 तक 50 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू किया जाए और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जाएं।