QNu लैब्स को विस्तार के लिए मिली 200 करोड़ रुपये की फंडिंग
क्वांटम-सेफ साइबर सिक्योरिटी स्टार्टअप QNu लैब्स ने हाल ही में 200 करोड़ रुपये की नई फंडिंग जुटाई है। इस फंडिंग राउंड में नेशनल क्वांटम मिशन, स्पेशेल इंवेस्ट और सोनी इनोवेशन फंड जैसे बड़े निवेशकों ने साथ दिया।
इससे कंपनी की कुल फंडिंग बढ़कर अब 375 करोड़ रुपये हो गई है। इस रकम का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा कंपनियां तेजी से बढ़ते और चालाक होते साइबर खतरों से सुरक्षित रह सकें।
क्वांटम रिसर्च और डेवलपमेंट को मिलेगी रफ्तार
यह नई फंडिंग QNu के शोध और तकनीक के विकास को गति देगी। साथ ही, इससे कंपनी को भारत और विदेशों में अपना विस्तार करने में भी मदद मिलेगी।
इस रकम का कुछ हिस्सा भारत के क्वांटम सिक्योर और सेंसिंग नेटवर्क्स प्रोजेक्ट को भी सहायता देगा। 2016 में शुरू हुआ यह स्टार्टअप पहले ही दुनिया के सबसे लंबे क्वांटम नेटवर्क में से एक तैयार कर चुका है। अब इसका लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्वांटम सेंसिंग जैसे क्षेत्रों में क्वांटम-सेफ तकनीक लाना है, जो अहम उद्योगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।