IIT मद्रास की QNU लैब्स ने 80 करोड़ रुपये राजस्व का रखा लक्ष्य
2016 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास से शुरू हुई QNU लैब्स ने वित्त वर्ष 2027 तक 80 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है।
कंपनी को यह लक्ष्य अपने क्वांटम-सेफ सिक्योरिटी प्रोडक्ट क्यूशील्ड 2.0 के दम पर हासिल करने की उम्मीद है।
वह उम्मीद कर रही है कि यह नई टेक्नोलॉजी मौजूदा वित्त वर्ष में उसे 10-15 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर दिला सकती है। इन सौदों में से हर एक सौदा आमतौर पर 1-2 करोड़ रुपये तक की होता है।
जुटाई 200 करोड़ रुपये की फंडिंग
क्यूशील्ड 2.0 को खरीदने में कई कंपनियां दिलचस्पी दिखा रही हैं, फिर भी धीमी बिक्री प्रक्रिया के कारण इसे तेजी से ग्राहकों तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है।
कंपनी के सह संस्थापक सुनील गुप्ता ने माना कि ये देरी कंपनी के विकास के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। अच्छी बात यह है कि QNU लैब्स ने हाल ही में 200 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई है। इससे अब तक कंपनी को कुल 375 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।
इस पैसे का इस्तेमाल कंपनी रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) के साथ-साथ दुनियाभर में अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए करेगी, खासकर ऐसे समय में जब क्वांटम-सेफ सिक्योरिटी की मांग लगातार बढ़ रही है।