किकबैक्स के आरोपों के चलते PVR आईनॉक्स के शेयर 8 फीसदी गिरे
सोमवार (7 सितंबर) को PVR आईनॉक्स के शेयर 8 फीसदी टूटकर 1,130.5 रुपये पर आ गए। यह पिछले कई महीनों का सबसे निचला स्तर रहा।
शेयरों में यह गिरावट तब आई, जब कंपनी की आंतरिक जांच में कथित 200 करोड़ रुपये के किकबैक्स का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि इनमें सिनेमा प्रॉपर्टी डेवलपर्स भी शामिल थे।
इन आरोपों के बाद कंपनी ने अप्रैल में अपने पूर्व ग्रोथ एंड इंवेस्टमेंट मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रमोद अरोड़ा को पद से हटा दिया था। साथ ही कई अन्य लोगों को भी कंपनी से निकाला गया था।
अरोड़ा पर लगे कई प्रतिबंध
PVR आईनॉक्स को नए सिनेमा फॉर्मेट के साथ छोटे शहरों तक फैलाने में अहम भूमिका निभाने वाले अरोड़ा पर अब कई तरह के प्रतिबंध लग गए हैं।
उन्हें अब प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से जुड़ने या कंपनी के वेंडर्स से संपर्क करने से रोका गया है। अगर, वे इन नियमों को तोड़ते हैं तो उन पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
इस बीच, कंपनी ने हाल ही में प्रीमियम कीमत पर 300 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक का ऐलान किया है। साथ ही, मजबूत कैश रिजर्व के चलते JM फाइनेंसियल ने इसका 12 महीने का टारगेट प्राइस भी बढ़ा दिया है।