प्रॉपशॉप इवेंट्स का IPO लिस्टिंग पर ही 20 फीसदी लुढ़का
प्रॉपशॉप इवेंट्स एंड एग्जीबिशन के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध हो गए हैं।
हालांकि, लिस्टिंग के दिन कंपनी के शेयर 55.20 रुपये के भाव पर खुले, जो इसके 69 रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) प्राइस से करीब 20 फीसदी कम है।
ग्रे मार्केट में पहले ही सपाट शुरुआत का संकेत मिल गया था, इसलिए लिस्टिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। यह IPO 27 से 29 जुलाई तक खुला था। इस दौरान इसमें मध्यम मांग देखी गई, लेकिन खुदरा निवेशकों ने दूसरे निवेशकों के मुकाबले थोड़ी ज्यादा रुचि दिखाई थी।
IPO से जुटाए 28.57 करोड़ रुपये
IPO के जरिए कंपनी ने 28.57 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसका इरादा इन पैसों से अपने कामकाज को बढ़ाना और वर्किंग कैपिटल को मजबूत करना है।
इसमें से 20.08 करोड़ रुपये का उपयोग कामकाज को बड़े पैमाने पर ले जाने और वर्किंग कैपिटल बढ़ाने में किया जाएगा। खास तौर पर, 16.62 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल के लिए अलग से रखे गए हैं।
प्रॉपशॉप इवेंट्स की शुरुआत 2019 में हुई थी। यह कंपनी हेल्थकेयर और एंटरटेनमेंट जैसे अलग-अलग क्षेत्रों के लिए खास एग्जीबिशन सेटअप तैयार करती है।
इस निर्गम के लिए यूनिस्टोन कैपिटल बुक रनिंग लीड मैनेजर था, जबकि MUFG इंटाइम इंडिया को रजिस्ट्रार बनाया गया था।