प्रोंटो की संस्थापक अंजलि सरदाना ने अमेरिका में शुरू किया नया AI स्टार्टअप
क्या है खबर?
घरेलू सेवाएं देने वाली कंपनी प्रोंटो की संस्थापक अंजलि सरदाना ने अमेरिका में प्रोविजन लैब्स नाम से नया स्टार्टअप शुरू किया है। यह कंपनी ऐसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम तैयार करने में मदद करेगी, जो वास्तविक दुनिया में काम कर सकें। सैन फ्रांसिस्को में स्थित इस कंपनी का उद्देश्य AI को केवल कंप्यूटर और डिजिटल कामों तक सीमित रखने के बजाय उसे रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल करने लायक बनाना है।
काम
वास्तविक दुनिया में काम करने वाले AI पर फोकस
प्रोविजन लैब्स ऐसे AI सिस्टम के लिए डाटा जुटाने, उनकी क्षमता जांचने और उन्हें इस्तेमाल के लिए तैयार करने पर काम करेगी।
इन सिस्टम को वास्तविक परिस्थितियों में काम करना सिखाने के लिए असली दुनिया से जुड़े आंकड़ों की जरूरत होती है। कंपनी की वेबसाइट पर लैची ग्रूम, जनरल कैटालिस्ट, बेन कैपिटल वेंचर्स और ग्लेड ब्रूक कैपिटल का नाम निवेशकों के रूप में दिया गया है।
हालांकि, कंपनी ने अब तक निवेश की कुल रकम नहीं बताई है।
अनुभव
प्रोंटो के अनुभव से भी मिलेगी मदद
अंजलि प्रोंटो की CEO भी हैं।
यह कंपनी लोगों को सफाई, कपड़े धोने और खाना बनाने जैसी घरेलू सेवाएं उपलब्ध कराने वाले कर्मचारियों से जोड़ती है। प्रोंटो ने एक पहल के तहत लोगों की सहमति से घरेलू कामों के वीडियो रिकॉर्ड करने की शुरुआत की थी।
इन वीडियो में लोगों की पहचान छिपाकर उनका इस्तेमाल AI मॉडल को सिखाने में किया जा सकता है। इससे सिस्टम को वास्तविक परिस्थितियों में काम करने की समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
निवेश
प्रोंटो की फंडिंग बढ़कर 4.5 करोड़ डॉलर हुई
वर्ष 2025 में शुरू हुई प्रोंटो ने घरेलू सेवाओं के कारोबार का विस्तार किया है।
मई, 2026 में लैची ग्रूम से 2 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त निवेश मिलने के बाद कंपनी की सीरीज बी फंडिंग बढ़कर 4.5 करोड़ डॉलर हो गई थी। उस समय कंपनी का मूल्यांकन 20 करोड़ डॉलर किया गया था।
प्रोविजन लैब्स की शुरुआत के साथ अंजलि अब AI सिस्टम के विकास से जुड़े क्षेत्र में भी काम कर रही हैं।