ईरान को ट्रंप की धमकी के बाद फिर बढ़े कच्चे तेल के दाम
सोमवार (22 जून) को अमेरिका और ईरान के बीच तनाव गहराने से तेल की कीमतें 2.2 फीसदी बढ़ गईं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी। उन्होंने साफ किया कि अगर, हिजबुल्लाह इजरायल पर हमले बंद नहीं करता है तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई कर सकता है।
इस चेतावनी के बाद ब्रेंट क्रूड 82.30 डॉलर (करीब 7,800 रुपये) प्रति बैरल और वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI) 78 डॉलर (करीब 7,400 रुपये) के पार पहुंच गया।
स्विट्जरलैंड में जारी है बातचीत
शांति वार्ता थमने की अफवाहों के बीच स्विट्जरलैंड में तनाव कम करने और महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के लिए बातचीत अभी भी जारी है।
ट्रंप ने भी धमकी दी कि अगर, ईरान ने जलडमरूमध्य को बंद करने की कोशिश की तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। हालांकि, अभी तक तेल की आपूर्ति पर कोई गंभीर असर नहीं पड़ा है। रिफाइनरियां भी रास्ते निकाल रही हैं और समाधान की उम्मीदें बढ़ रही हैं।