खाते में आए बोनस से कर्जा चुकाएं या निवेश करें, दोनों से क्या है सही विकल्प?
क्या है खबर?
आपके अकाउंट में बोनस आने के बाद मन में 2 विचार आते हैं कि इस पैसे को अपना कर्जा कम करने के लिए इस्तेमाल करें या निवेश कर बढ़ाने का विकल्प चुनें। दोनों ही भावनाएं तर्कसंगत होती है। आपको बोनस का निवेश करना चाहिए या इसका उपयोग लोन चुकाने के लिए करना चाहिए, यह सामान्य नियमों पर कम और आपके लोन की प्रकृति, जोखिम सहनशीलता पर अधिक निर्भर करता है। आइये जानते हैं दोनों में किसे चुनना फायदेमंद है।
प्रकृति
लोन की प्रकृति पर निर्भर है निर्णय
अधिक ब्याज दर वाले क्रेडिट कार्ड, पर्सनल लोन या उपभोक्ता वस्तु लोन वित्तीय नुकसान का कारण बन सकते हैं। अगर, आपका बोनस इनको चुकाने या कम करता है तो भुगतान करना समझदारी है। इससे तत्काल, गारंटीकृत और कर-मुक्त फायदा होता है। एज्युकेशन और होम लोन अलग श्रेणी में आते हैं। इनकी ब्याज दरें कम होती हैं, लेकिन लंबी अवधि होती है और टैक्स लाभ भी मिलते हैं। इस मामले में निर्णय व्यक्तिगत निर्णय लेना सही होगा।
तनाव
जोखिम से भी निर्णय पर पड़ता है असर
लोन का समय से पहले भुगतान करने से आपको निश्चित परिणाम मिलता है। इससे आप भविष्य के ब्याज से बचते हैं, तनाव कम होता है और किस्त कम हो जाती है या लोन की अवधि कम हो जाती है तो आपकी मासिक आय में सुधार होता है। दूसरी ओर शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड में निवेश करने पर पैसा बढ़ तो सकता है, लेकिन जोखिम होता है। आपको बाजार के उतार-चढ़ाव से डर लगता है, तो कर्ज चुकाना बेहतर है।
अवधि
कब प्रीपेमेंट करना होता है सही?
लोन की अवधि के शुरुआती दौर में ही प्रीपेमेंट करने से ब्याज में काफी बचत होती है। अगर, आप लंबी अवधि के होम लोन के शुरुआती सालों में हैं तो एक मामूली प्रीपेमेंट भी लोन की अवधि को कई वर्षों तक कम कर सकता है और ब्याज की राशि बचा सकता है। आपका लोन अंतिम चरण के करीब हैं तो ब्याज की राशि कम होती है। ऐसे में प्रीपेमेंट के बजाय निवेश करना अधिक समझदारी भरा हो सकता है।
इमरजेंसी फंड
इमरजेंसी फंड का भी रखें ध्यान
इनमें से कोई भी विकल्प चुनने से पहले अपको अपने इमरजेंसी फंड की जांच कर लेनी चाहिए। अगर, आपका बोनस ही वित्तीय संकट से बचने का एकमात्र सहारा है तो निवेश और प्रीपेमेंट के बारे में नहीं सोचें। बोनस मिलने के बाद अगर, आपके पास नकदी की कमी हो जाती है तो यह तनाव पैदा कर सकता है। आप बीच का रास्ता अपना सकते हैं। बोनस का 50 फीसदी प्रीपेमेंट में और 50 फीसदी निवेश में उपयोग कर सकते हैं।