प्रसोल केमिकल्स के IPO की धीमी शुरुआत, शेयर 10 फीसदी गिरे
प्रसोल केमिकल्स के शेयर बुधवार (16 सितंबर) को बाजार में लिस्ट हुए, लेकिन जो उम्मीद थी, वैसा नहीं हुआ। कंपनी के शेयर अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) प्राइस 676 रुपये से करीब 10 फीसदी नीचे खुले। ये नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 610 रुपये और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 611 रुपये पर लिस्ट हुए। हालांकि, लिस्ट होने के बाद शेयर 654.80 रुपये तक भी पहुंच गए थे, लेकिन वे अपनी IPO प्राइस को छू नहीं पाए। इससे साफ है कि कंपनी की शुरुआत धीमी रही।
3.3 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ था IPO
खास बात यह है कि प्रसोल का 500 करोड़ रुपये का IPO काफी मांग में था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) ने इसको 7.22 गुना ज्यादा सब्सक्राइब किया था। कुल मिलाकर यह IPO 3.3 गुना ओवर सब्सक्राइब हुआ था।
कंपनी ने बताया कि जुटाई रकम का इस्तेमाल वह अपना कर्ज चुकाने और कार्यशील पूंजी को बढ़ाने के लिए करेगी। लिस्टिंग से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से भी करीब 150 करोड़ रुपये जुटाए थे।