पाउंडलैंड की बिक्री प्रक्रिया में आई अड़चन, 10,000 नौकरियाें पर खतरा
यूनाइटेड किंगडम (UK) की प्रमुख बजट और वैरायटी रिटेल स्टोर श्रृंखला पाउंडलैंड एक अहम मोड़ पर खड़ी है। उसे खरीदने की सबसे बड़ी दावेदार कंपनी मार्टिन प्रॉपर्टी ग्रुप ने गॉर्डन ब्रदर्स से अहम फंड जारी करने का आग्रह किया है।
अगर, ये फंड नहीं मिलते तो वह अपनी दुकानों में दोबारा सामान नहीं भर पाएगी। इससे 10,000 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी पर भी तलवार लटक रही है।
यह सब ऐसे समय हो रहा है, जब कंपनी के प्रशासन की आखिरी तारीख नजदीक आ रही है। मार्टिन प्रॉपर्टी का कहना है कि कंपनी को बचाने वाले सौदे को पूरा करने के लिए पैसों तक तुरंत पहुंच बनाना बहुत जरूरी है।
भुगतान की मांग से बिक्री अटकी
पाउंडलैंड की बिक्री की प्रक्रिया में एक बड़ी अड़चन आ गई है। दरअसल, गॉर्डन ब्रदर्स अपना 3 करोड़ पाउंड (करीब 375 करोड़ रुपये) का शेयरहोल्डर लोन तुरंत वापस चाहता है।
कंपनी के पास अपने खाते में 2 करोड़ पाउंड (करीब 250 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा नकदी होने के बावजूद, वह कुछ पाबंदियों के चलते फिलहाल इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रही है।
मार्टिन प्रॉपर्टी ग्रुप की तरफ से पहले लगाई गई बोलियां भी इन्हीं वजहों से कामयाब नहीं हो पाई थीं। इस बीच, कुछ सलाहकार तो यहां तक विचार कर रहे हैं कि अगर, जल्द ही कोई हल नहीं निकलता तो कंपनी को बंद (दिवालियापन) भी किया जा सकता है।
गॉर्डन ब्रदर्स के प्रमुख सांसदों से करेंगे मुलाकात
गॉर्डन ब्रदर्स के यूरोप प्रमुख बुधवार को सांसदों से मुलाकात करेंगे। वे इस दौरान पाउंडलैंड के सामने खड़ी इन तमाम मुश्किलों के बीच आगे बढ़ने के विकल्पों पर चर्चा करेंगे और एक रास्ता तलाशने की कोशिश करेंगे।