होम लोन इंश्योरेंस में आया 7 गुना उछाल, जानिए क्या है वजह
भारत में होम लोन इंश्योरेंस तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। पॉलिसीबाजार के मुताबिक, पिछले 5 महीनों में इसे अपनाने की दर में करीब 7 गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब ज्यादातर लोग यह समझने लगे हैं कि बड़े कर्ज के बोझ से अपने परिवार को बचाना कितना जरूरी है। इनमें 31 से 45 साल के नौकरीपेशा तबके की तादाद ज्यादा है। दरअसल, आजकल लोन की रकम भी बढ़ रही है और उसके भुगतान की अवधि भी लंबी होती जा रही है, ऐसे में लोग इंश्योरेंस की अहमियत को बेहतर तरीके से समझने लगे हैं।
शहरों के लोग इस मामले में सबसे आगे
शहरी इलाकों के खरीदार इस मामले में सबसे आगे हैं। होम लोन इंश्योरेंस खरीदने वालों में लगभग तीन-चौथाई शहरी खरीदार ही हैं।
दिल्ली NCR और मुंबई जैसे बड़े शहर इसमें सबसे आगे हैं, लेकिन अब छोटे शहरों में भी इसे लेकर जागरूकता बढ़ रही है।
दोहरी आमदनी वाले परिवारों की तरफ से आने वाले कई संयुक्त आवेदनों से यह बात सामने आती है कि घर खरीदने वालों के लिए अब अपनी वित्तीय सुरक्षा एक बड़ी प्राथमिकता बन गई है।