भारत में ड्रोन बनाने के लिए पोलैंड का WB ग्रुप करेगा 10 करोड़ डॉलर का निवेश
पोलैंड की एक जानी-मानी प्राइवेट डिफेंस कंपनी WB ग्रुप अगले 5 सालों में भारत में 10 करोड़ डॉलर (करीब 950 करोड़ रुपये) का बड़ा निवेश करने जा रही है।
यह ग्रुप WB इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के साथ मिलकर मानव रहित सिस्टम (आधुनिक ड्रोन) बनाएगा और उन्हें विकसित करेगा। संभावना है कि वे उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में अपना प्लांट भी बनाएंगे।
विदेशों में निर्यात पर भी होगा विचार
WB ग्रुप की यह योजना केवल भारत की सेना के लिए ड्रोन बनाने तक ही सीमित नहीं है। यूक्रेन को मदद देने के अपने वास्तविक अनुभव का इस्तेमाल कर ग्रुप चाहता है कि भारत ड्रोन तकनीक में एक लीडर बनकर उभरे।
कंपनी के उपाध्यक्ष एडम बार्टोसिएविच ने इस बारे में बात करते हुए कहा, "हमारी रणनीति यही है कि हम ऐसी तकनीक और क्षमता वाले उत्पाद बनाएं, जो बाजार में सबसे बेहतर हों। हम इस बात के लिए भी जाने जाते हैं कि हम सबसे सस्ते नहीं हैं" भविष्य में एक बार जब कंपनी भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और उससे जुड़ी सप्लाई चेन तैयार कर लेगी तो वे यहां बने उत्पाद को दूसरे देशों में निर्यात करने की संभावना भी तलाश रहे हैं।