प्रधानमंत्री मोदी ने 50 भारतीय कंपनियों को फॉर्च्यून 500 सूची में शामिल होने का किया आह्वान
स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय कंपनियों के सामने एक बड़ा लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि 2036 तक दुनिया की मशहूर फॉर्च्यून 500 सूची में भारत की 50 कंपनियां शामिल होनी चाहिए। उन्होंने सभी को बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित किया।
उनका कहना था कि भारत को अब सिर्फ छोटे-मोटे फायदों से संतुष्ट नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे ग्लोबल ब्रांड बनाने होंगे, जो दुनिया में भारत का सही प्रतिनिधित्व कर सकें।
प्रधानमंत्री ने सवाल किया, 'हम फॉर्च्यून 500 के बारे में अक्सर सुनते हैं। क्या यह हमारा लक्ष्य नहीं होना चाहिए कि अगले एक दशक में फॉर्च्यून 500 में शामिल होने वाली 50 कंपनियां भारत की हों?'
मोदी ने देश की कंपनियों को दिया लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनका मकसद है कि दुनिया की शीर्ष 5 कंपनियों में कम से कम एक भारतीय बैंक और एक भारतीय फार्मा कंपनी शामिल हो।
उन्होंने लॉ फर्म्स, कंसल्टिंग कंपनियों, टेक फर्म्स और रेटिंग एजेंसियों से भी दुनियाभर में आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने की अपील की।
उनका संदेश साफ था कि अगर, हम चाहते हैं कि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बने तो हमें मिलकर बड़े लक्ष्य रखने होंगे।