भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र दौरे पर एल्सवेडी इलेक्ट्रिक के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अहमद एल्सवेडी से मुलाकात की।
इस मुलाकात का मुख्य मकसद था कंपनी को भारत में निवेश के लिए तैयार करना। खासकर बिजली के उपकरण, स्मार्ट मीटर और डाटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश पर जोर दिया गया।
गोयल ने बताया कि भारत का बड़ा बाजार दुनियाभर की उन कंपनियों के लिए तरक्की के ढेर सारे मौके देता है, जो आगे बढ़ना चाहती हैं।
मंत्री के साथ गया 132-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
भारत का मिस्र के साथ व्यापार और साझेदारी बढ़ाने को लेकर कितना गंभीर है, यह दिखाने के लिए गोयल अपने साथ 132 सदस्यों का एक कारोबारी दल भी ले गए।
एल्सवेडी इलेक्ट्रिक बिजली समाधानों और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अपने काम के लिए जानी जाती है और वह भारत की तरक्की में शामिल होने के लिए उत्सुक दिख रही है।
गोयल ने कहा कि भारत अवसरों की भूमि है और हम एल्सवेडी इलेक्ट्रिक को भारत में निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित करते हैं।