भारत अपने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को मिस्र के स्थानीय पेमेंट सिस्टम से जोड़ने पर विचार कर रहा है। अगर, ऐसा होता है तो दोनों देशों के बीच पैसे का लेन-देन या भुगतान करना बहुत आसान हो जाएगा।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने काहिरा में हुई एक व्यापार बैठक में यह प्रस्ताव रखा। इसका मुख्य लक्ष्य व्यापार को बढ़ाना और सभी के लिए लेन-देन को और भी आसान बनाना है।
गोयल ने JTC का किया उद्घाटन
गोयल ने बताया कि दोनों देशों के केंद्रीय बैंक पहले से ही अपनी-अपनी मुद्रा में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि आयात और निर्यात के बीच संतुलन बना रहे।
उन्होंने 'युगे युगीन भारत' म्यूजियम के बारे में भी चर्चा की। इसके साथ ही गोयल ने काहिरा में आयोजित 7वीं भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति (JTC) की बैठक में उद्घाटन भाषण दिया, जो भविष्य में दोनों देशों के बीच बड़े आर्थिक संबंधों का संकेत देता है।