AI पर अगले 5 साल में 10,000 अरब डॉलर खर्च का अनुमान
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब काफी महंगा होता जा रहा है। पैसिफिक इंवेस्टमेंट मैनेजमेंट कंपनी (PIMCO) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) इमैनुएल रोमन ने बताया है कि AI से जुड़े प्रोजेक्ट्स और शोध के लिए अगले 5 सालों में कुल 10,000 अरब डॉलर (करीब 9.5 लाख अरब रुपये) तक की फाइनेंसिंग की जरूरत पड़ सकती है।
हांगकांग में हुए एक बड़े फाइनेंस सम्मेलन में उन्होंने जोर देकर कहा कि इस सेक्टर को हर साल लगभग 2,000 अरब डॉलर (करीब 1.9 लाख अरब रुपये) की जरूरत होगी। उन्होंने इसकी तुलना अमेरिका के लगभग 12,000 अरब डॉलर (करीब 11 लाख अरब रुपये) के बॉन्ड बाजार से की है।
निवेश को लेकर बंटी हुई है राय
रोमन ने अपनी चेतावनी में कहा कि AI में इतना बड़ा निवेश करने से वित्तीय बाजार हिल सकते हैं और चिंता जताई कि अगर, ब्याज दरें बढ़ती हैं या दुनियाभर में तनाव बढ़ता है तो इसका बुरा असर पड़ सकता है।
हालांकि, हर कोई AI में इतने बड़े निवेश को खतरा नहीं मानता। ब्लैकरॉक के अध्यक्ष जॉन ग्रे ने इसके बिल्कुल उलट अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि AI की वजह से निवेश की जबरदस्त मांग पैदा हो रही है और इससे उत्पादकता में भी भारी उछाल आ रहा है। इसलिए, उन्होंने यह समझने पर जोर दिया कि AI बिजनेस और हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को किस हद तक बदल सकता है, इसे कम नहीं आंका जाना चाहिए।