फिजिक्सवाला ने 30 फीसदी से ज्यादा कमाई के लिए AI पर खेला बड़ा दांव
एडटेक स्टार्टअप फिजिक्सवाला (PW) ने वित्त वर्ष 2027 में अपने राजस्व में 30 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा है। कंपनी इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर पूरा जोर दे रही है। सह संस्थापक प्रतीक माहेश्वरी ने बताया कि उनके AI टूल्स अभी 90 फीसदी छात्रों के सवालों के जवाब दे रहे हैं और लाखों आंसर शीट्स को भी काफी सटीकता से चेक कर रहे हैं। इससे पढ़ाई और भी आसान और तेज हो गई है।
कमाई में 35 फीसदी का हुआ इजाफा
कंपनी का नुकसान काफी कम हो गया है। वित्त वर्ष 2026 में नुकसान घटकर 24 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल यह 243 करोड़ रुपये था। यह सुधार ज्यादा छात्रों के जुड़ने और प्रति छात्र होने वाली कमाई बढ़ने की वजह से हुआ है। दूसरी तरफ कमाई में भी 35 फीसदी की उछाल देखी गई है, जो 3,899 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
इस बढ़ोतरी के पीछे ज्यादा स्टूडेंट्स का जुड़ना और नए ऑफलाइन सेंटर्स की शुरुआत है, जिनकी संख्या अब पूरे देश में बढ़कर 353 हो गई है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के राजस्व में तेजी से वृद्धि होने से कंपनी की टीम भी बड़ी हो गई है, जिसमें अब करीब 19,000 कर्मचारी हो गए हैं।