Page Loader
फोनपे भारत में IPO जल्द करेगी लॉन्च, करीब 130 अरब रुपये जुटाने की है तैयारी 
फोनपे भारत में IPO जल्द करेगी लॉन्च

फोनपे भारत में IPO जल्द करेगी लॉन्च, करीब 130 अरब रुपये जुटाने की है तैयारी 

Jun 23, 2025
07:26 pm

क्या है खबर?

भारत की प्रमुख डिजिटल भुगतान कंपनी फोनपे जल्द ही अपना IPO लाने की तैयारी में है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अगस्त की शुरुआत में ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है। इस IPO से कंपनी 1.5 अरब डॉलर (लगभग 130 अरब रुपये) तक जुटाने का लक्ष्य रख रही है। इस सौदे के बाद फोनपे का अनुमानित मूल्यांकन करीब 15 अरब डॉलर (लगभग 1,300 अरब रुपये) हो सकता है।

यूजर्स

फोनपे के पास हैं करोड़ों यूजर और लेनदेन 

फोनपे की शुरुआत 2015 में हुई थी और अब इसके 61 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड यूजर हैं। कंपनी हर दिन लगभग 34 करोड़ रुपये के डिजिटल लेनदेन को संभालती है। 2023 में फोनपे ने रिबिट कैपिटल, टाइगर ग्लोबल और टीवीएस कैपिटल फंड्स से 10 करोड़ डॉलर (लगभग 870 करोड़ रुपये) की फंडिंग हासिल की थी, जिससे उस समय उसका मूल्यांकन 12 अरब डॉलर (लगभग 1,040 करोड़ रुपये) तक पहुंच गया था।

 तैयारी 

IPO की तैयारी में जुटे ये बड़े संस्थान 

इस सार्वजनिक पेशकश की व्यवस्था करने के लिए फोनपे ने कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेपी मॉर्गन, सिटीग्रुप और मॉर्गन स्टेनली जैसे बड़े फाइनेंशियल संस्थानों से संपर्क किया है। कंपनी की ओर से फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। जानकारों का मानना है कि अगर यह IPO सफल रहा, तो भारत के फिनटेक सेक्टर को नई दिशा मिल सकती है और निवेशकों का भरोसा और मजबूत हो सकता है।