फोनपे ने बदला अपने स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म का नाम
फोनपे ने अपने स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म शेयर डॉट मार्केट का नाम बदल दिया है। अब इसे फोनपे इंवेस्ट के नाम से जाना जाएगा। कंपनी का लक्ष्य है कि शेयर में निवेश करना और भी सुलभ हो सके, खासकर उन लोगों के लिए, जो पहली बार लंबे समय के लिए इक्विटी में पैसा लगा रहे हैं।
कंपनी के सह संस्थापक और मुख्य उत्पाद एवं टेक्नोलॉजी अधिकारी राहुल चारी ने कहा कि इस अपग्रेड से पोर्टफोलियो बनाने और उसे बेहतर करने के लिए स्मार्ट उपकरण मिलेंगे। यह साधारण बचत को सीधे स्टॉक ट्रेडिंग से जोड़ने में भी सहायक होगा।
AI से मिलती है निवेश की सलाह
फोनपे इंवेस्ट अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाली निवेश सलाह और पोर्टफोलियो के आसान प्रबंधन जैसी सुविधाएं लेकर आया है।
इनका मकसद है कि यूजर्स बिना किसी उलझन के बेहतर निवेश फैसले ले सकें। फोनपे के पेमेंट ऐप पर पहले से ही 50 करोड़ से भी ज्यादा यूजर्स मौजूद हैं।
कंपनी को उम्मीद है कि इस बदलाव से इक्विटी निवेश केवल सक्रिय ट्रेडर्स के लिए ही नहीं, बल्कि आम निवेशकों के लिए भी आसान और कम जटिल बन जाएगा।