फोनपे लेंडिंग ने 2023 में मर्चेंट लेंडिंग शुरू की थी। तब से अब तक उन्होंने छोटे कारोबारियों को 20 लाख से ज्यादा लोन दिए हैं।
बड़े बैंक और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) के साथ साझेदारी करके इनकी सेवाएं अब भारत के लगभग हर हिस्से तक पहुंच गई हैं।
देश के करीब 97 फीसदी पिन कोड पर इनकी पहुंच है। इस पहल का मुख्य मकसद यही है कि ज्यादा से ज्यादा छोटे व्यवसायों को आसानी से औपचारिक कर्ज मिल सके।
फोनपे की पहुंच अब गांवों तक
इनमें से ज्यादातर कर्ज छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में गए हैं। 60 प्रतिशत से ज्यादा लोन टियर-2 शहरों और उनसे भी आगे के इलाकों में बांटे गए हैं। लगभग एक-तिहाई लोन तो उन छोटे कस्बों में मिले हैं, जहां 10,000 से भी कम लोग रहते हैं।
जो कारोबारी ये कर्ज लेते हैं, उनकी औसत मासिक बिक्री लगभग 50,000 रुपये होती है। फोनपे के पास 50,000 से ज्यादा फील्ड एग्जीक्यूटिव की टीम है। इसी वजह से डिजिटल तरीके से कर्ज लेना अब बहुत आसान हो गया है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हेमंत गाला ने बताया कि उनका यह बड़ा नेटवर्क बिहार, राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों में छोटे उद्यमियों को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) कर्ज की कमी पूरी करने में काफी मदद कर रहा है।