फिलीपींस एयरलाइंस दिसंबर तक मनीला से दिल्ली और मुंबई के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है। भारत सरकार की मंजूरी मिलते ही ये उड़ानें शुरू हो जाएंगी।
इन उड़ानों से फिलीपींस और भारत के 2 बड़े व्यापारिक और सांस्कृतिक शहरों के बीच सफर करना काफी सुविधाजनक हो जाएगा।
कंपनी दिल्ली के लिए सप्ताह में 3 और मुंबई के लिए 4 उड़ानें चलाएगी। ये सभी उड़ानें आरामदायक एयरबस A321नियो विमानों से संचालित होंगी, जिनमें बिजनेस और इकोनॉमी दोनों क्लास की सीटें उपलब्ध होंगी।
रात की उड़ानें कार्गो और रिश्तों को बढ़ावा देंगी
मनीला से दिल्ली के लिए उड़ानें हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध होंगी। ये देर रात मनीला से उड़ान भरकर अगली सुबह दिल्ली पहुंचेंगी। वापसी में ये उड़ानें मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दिल्ली से मनीला के लिए रवाना होंगी।
दूसरी तरफ, मुंबई के लिए उड़ान मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार की रात को मनीला से उड़ान भरेंगी और अगली सुबह मुंबई पहुंचेंगी, जबकि वापसी की उड़ानें सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को होंगी।
एयरलाइन का कहना है कि इन उड़ानों से न केवल यात्रियों को आने-जाने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे, बल्कि ये भारत और फिलीपींस के बीच माल ढुलाई को भी बढ़ाएंगी। साथ ही इससे दोनों देशों के आपसी संबंध भी और मजबूत होंगे।