पर्सिस्टेंट सिस्टम्स 104 फीसदी प्रीमियम पर खरीदेगी जर्मन डिजिटल इंजीनियरिंग कंपनी
पुणे की टेक्नोलॉजी कंपनी पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, जर्मन डिजिटल इंजीनियरिंग कंपनी नागाररो SE को प्रति शेयर 81 यूरो (करीब 8,000 रुपये) में खरीदने की तैयारी में है।
यह उसके मौजूदा शेयर मूल्य से 140 प्रतिशत अधिक है। इस अधिग्रहण से 40 से ज्यादा देशों में फैले 46,000 से अधिक कर्मचारी एक साथ काम करेंगे और इनका संयुक्त राजस्व 2.9 अरब डॉलर (करीब 250 अरब रुपये) हो जाएगा।
नियामकीय मंजूरियों की दरकार
नागाररो के सबसे बड़े शेयरधारक और उसकी नेतृत्वकर्ता टीम ने इस कदम का समर्थन किया है। हालांकि, इसके लिए अभी नियामकीय मंजूरी और आधे से ज्यादा शेयरधारकों की सहमति जरूरी है।
सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद पर्सिस्टेंट,नागाररो को फ्रैंकफर्ट स्टॉक एक्सचेंज से डीलिस्ट करने की योजना बना रहा है। यह अधिग्रहण यूरोप में उसकी मौजूदगी को भी बढ़ाएगा, जहां उसका राजस्व मौजूदा 9 फीसदी से बढ़कर 22 फीसदी हो जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे क्षेत्रों में दोनों कंपनियों की ताकतें एक साथ आकर और ज्यादा मजबूत होंगी, ऐसे में उम्मीद है कि ये दोनों मिलकर वैश्विक बाजार में बड़ी कामयाबी हासिल करेंगी।