Page Loader
पेटीएम ने की 1,000 कर्मचारियों की छंटनी, इन विभागों पर पड़ा असर
पेटीएम ने 1,000 कर्मचारियों की छंटनी की है

पेटीएम ने की 1,000 कर्मचारियों की छंटनी, इन विभागों पर पड़ा असर

Dec 25, 2023
12:49 pm

क्या है खबर?

फिनटेक दिग्गज पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल शुरू करने के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी की है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने इस छंटनी के तहत अपने संचालन, बिक्री और इंजीनियरिंग टीम से 1,000 से भी अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। कंपनी ने कहा है कि वह AI-पावर्ड ऑटोमेशन के साथ अपने परिचालन को बदल रही है, जिससे कार्यबल में कमी आएगी।

संख्या

10 प्रतिशत कम होगी कर्मचारियों की संख्या

पेटीएम खर्चे में कटौती करने की योजना पर काम कर रही है, जिसके लिए वह अपने व्यवसाय को फिर से संगठित कर रही है। पिछले कुछ महीनो में कंपनी ने कर्मचारियों की संख्या में कटौती की है, जिससे इसके कार्यबल पर 10 प्रतिशत तक असर पड़ सकता है। कंपनी का ऋण देने का कारोबार बहुत मजबूत चल रहा है। इसने 20 अक्टूबर, 2023 को 2,519 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जबकि पिछले साल का राजस्व 1,914 करोड़ रुपये था।

छंटनी

साल की सबसे बड़ी छंटनी में से एक है यह छंटनी

यह छंटनी इस साल किसी भी भारतीय कंपनी की तरफ से की गई सबसे बड़ी छंटनी में से एक है। छंटनी ट्रैक करने वाली वेबसाइट लेऑफ्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल 1 जनवरी से 25 दिसंबर के बीच भारत में 238 टेक कंपनियों ने लगभग 48,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। भारत में ओला और B'YJUS जैसी कंपनियों ने इस साल 1,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की है।