पतंजलि फूड्स के मुनाफे में रिकॉर्ड 46 फीसदी उछाल, जानिए क्या रही वजह
पतंजलि फूड्स ने हाल ही में अपनी चौथी तिमाही के नतीजे घोषित किए हैं। इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 46 फीसदी बढ़कर 524 करोड़ रुपये हो गया है।
पिछले साल इसी तिमाही में यह मुनाफा 359 करोड़ रुपये था। मुनाफे में यह उछाल मुख्य रूप से खाना बनाने के तेज और खाने-पीने के दूसरे उत्पादों की बिक्री बढ़ने से आया है। कंपनी की कुल कमाई भी बढ़कर 11,212 करोड़ रुपये तक जा पहुंची है।
खाने वाले तेल से 29,133 करोड़ रुपये की कमाई
पूरे वित्तीय वर्ष की बात करें तो कंपनी का मुनाफा 1,814 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल यह 1,301 करोड़ रुपये था। इस अवधि में कुल कमाई 40,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गई।
खाने वाले तेलों की बिक्री से सबसे ज्यादा 29,133 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) सेगमेंट में भी दमदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसमें लगभग 20 फीसदी की बढ़ोतरी दिखी और यह कंपनी की कुल कमाई का करीब 28 फीसदी हिस्सा है।
मांग और रणनीतियों को दिया सफलता का श्रेय
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजीव अस्थाना ने इन शानदार नतीजों के लिए ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों की बढ़ती मांग के साथ-साथ कंपनी की सटीक रणनीतियों को श्रेय दिया।
उन्होंने खास तौर पर मार्च महीने में खाने वाले तेलों की बिक्री में आए जबरदस्त उछाल का जिक्र किया। अस्थाना ने बताया कि सभी तरह के उपभोक्ताओं की जरूरतों को समझना और उन्हें पूरा करना ही उनकी कंपनी की कामयाबी का राज है।