निवेशकों के भ्रम के कारण पारले इंडस्ट्रीज के शेयरों में आया 21 फीसदी उछल
पारले इंडस्ट्रीज के शेयरों में सिर्फ 4 दिनों में ही 21 फीसदी से ज्यादा का उछाल आया है। दरअसल, निवेशकों को लगा कि यह मेलोडी टॉफी बनाने वाली कंपनी पारले प्रोडक्ट्स ही है।
इस चर्चा की शुरुआत तब हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री मेलोनिया को ये टॉफियां तोहफे में दीं। प्रधानमंत्री के तोहफे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही खूब वायरल हो गया और चारों ओर इसकी चर्चा होने लगी।
पारले इंडस्ट्रीज का नहीं कोई संबंध
प्रधानमंत्री मेलोनिया ने जब उस वायरल वीडियो में मेलोडी को 'बहुत-बहुत अच्छी टॉफी' बताया तो हर कोई पारले प्रोडक्ट्स की बात करने लगा और इसके शेयरों में जबरदस्त उछाल आया।
हकीकत में उसका इस टॉफी से कोई संबंध नहीं है। पारले इंडस्ट्रीज असल में इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट का काम करती है। यह पेपर वेस्ट रिसाइकिलिंग का काम भी संभालती है।
मेलोडी पारले प्रोडक्ट्स कंपनी बनाती है, जो शेयर बाजार में सूचीबद्ध ही नहीं है और उसकी फिलहाल आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की कोई योजना नहीं है।