वॉर्नर ब्रदर्स को खरीदने से पैरामाउंट का कर्जा हो जाएगा 85 अरब डॉलर के पार
पैरामाउंट स्काईडेंस, वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी को खरीदने का 110 अरब डॉलर (करीब 10,000 अरब रुपये) का एक बड़ा सौदा पूरी करने वाली है। इस सौदे के रास्ते में आ रही कानूनी अड़चनें अब दूर हो गई हैं और कंपनी इसे अंजाम देने के बिल्कुल करीब है। इस सौदे को हकीकत बनाने के लिए कंपनी को करीब 42 अरब डॉलर (करीब 4,000 अरब रुपये) के बॉन्ड और 9.5 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) के लोन बेचने होंगे।
इस कदम से कंपनी के सालाना ब्याज चुकाने का खर्च काफी बढ़ जाएगा। जब यह खरीद पूरी हो जाएगी तो कंपनी पर कुल कर्ज 87 अरब डॉलर (करीब 8,750 अरब रुपये) से भी ज्यादा हो जाएगा।
लागत में कटौती करना चाहती है कंपनी
कंपनी पर हर साल कर्ज चुकाने का खर्च 50 करोड़ डॉलर (करीब 4,750 करोड़ रुपये) तक बढ़ने की आशंका है। इसी को देखते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डेविड एलिसन अगले 3 सालों में सालाना 6 अरब डॉलर (करीब 550 करोड़ रुपये) की लागत कम करना चाहते हैं।
इसके लिए कंपनी अपनी कुछ संपत्तियों को भी बेच सकती है। हालांकि, सभी निवेशक इस योजना से पूरी तरह सहमत नहीं दिख रहे हैं। कुछ निवेशक अभी भी हिचकिचा रहे हैं क्योंकि उन्हें इस सौदे को लागू करने में जोखिम दिख रहा है, खासकर आज के मुश्किल वित्तीय माहौल में।