पराग अग्रवाल की स्टार्टअप ने गूगल क्लाउड के साथ मिलाया हाथ
ट्विटर (अब एक्स) के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पराग अग्रवाल अपनी नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्च स्टार्टअप पैरेलल वेब सिस्टम्स के जरिए अब गूगल के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
पैरेलल ने अपनी तकनीक को गूगल क्लाउड के जेमिनी AI मॉडल से जोड़ दिया है, जिससे गूगल का इस्तेमाल करने वाली बड़ी कंपनियों के लिए बेहतर सर्च टूल्स तक पहुंचना आसान हो गया है।
इस साझेदारी का मुख्य मकसद पैरेलल के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और कारोबारों को AI को तेजी से अपनाने में सहायता देना है।
पैरेलल एजेंट्स को जानकारी ढूंढने में करता है मदद
अग्रवाल ने इसे गूगल जैसी बड़ी कंपनी के साथ अपना अब तक का सबसे गहरा तकनीकी जुड़ाव बताया है। दोनों कंपनियों के इंजीनियर्स ने मिलकर पैरेलल के सिस्टम को और बेहतर और इस्तेमाल में आसान बनाने के लिए हाथ मिलाया है।
पैरेलल AI एजेंट्स को सटीक जानकारी ढूंढने में मदद करता है, यहां तक कि मुश्किल दस्तावेजों से भी। यह पहले से ही हार्वे जैसी लीगल-टेक फर्म के साथ काम कर रहा है।
यह साझेदारी गूगल क्लाउड की उस कोशिश का हिस्सा है, जो कंपनियों को उनके रोजाना के काम में AI का इस्तेमाल करने के लिए ज्यादा लचीले और भरोसेमंद रास्ते मुहैया कराती है।